Skip to main content

TR NEWS UP-UK

पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास के साथ योग सप्ताह का समापन

मुजफ्फरनगर।  12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर पुलिस ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए किया सामूहिक योगाभ्यास, योग सप्ताह का समापन हो गया।

अवगत कराना है कि 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया तथा उनके द्वारा दिए गए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। योगाचार्य श्री योगेश द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योगाचार्य श्री योगेश विगत 14 जून 2026 से पुलिस लाइन में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत प्रतिदिन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योगाभ्यास करा रहे थे। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज इस सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं ऊर्जावान बनाता है। पुलिसकर्मियों के लिए योग तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता तथा शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा योगाचार्य योगेश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय सहित समस्त अधिकारियों द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित योगाभ्यास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *