मुजफ्फरनगर। दिल्ली निवासी एक महिला कावड़िया जो 7 माह की गर्भवती है, जल लेकर अकेले जा रही थी। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी,उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उक्त महिला ने दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। फिलहाल मां और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। एसएसपी संजय वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी।
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली एक महिला कांवड़िया ने प्रसव पीड़ा होने पर मुजफ्फरनगर के जिला महिला चिकित्सालय में जुड़वां शिशुओं को जन्म दिया। मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर महिला को शुभकामनाएं दीं और दोनों बच्चों का नाम गणेश व कार्तिकेय रखा।
समय से पूर्व जन्म होने के कारण दोनों नवजातों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी के लिए एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में रखा गया है, जहां बाल रोग विशेषज्ञों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। दोनों बच्चों की स्थिति स्थिर है और आवश्यक उपचार जारी है।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर भी अस्पताल में मौजूद रहीं। उन्होंने जच्चा एवं नवजातों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और चिकित्सा कर्मियों को बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जच्चा और दोनों नवजातों की लगातार निगरानी कर रही है तथा सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


