मुजफ्फरनगर। थाना नई मण्डी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम रथेड़ी में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना नई मण्डी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायल विवाहिता को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार हेतु उसे सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली रेफर किया गया है।
क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्री राजू कुमार साव ने बताया कि वर्तमान में पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता विवाहिता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में पुलिस टीम घायल विवाहिता के साथ दिल्ली रवाना हो गई है तथा उसके उपचार की सतत निगरानी कर रही है। प्रारंभिक जांच में विवाहिता का अपने पति एवं ससुराल पक्ष के साथ विवाद होना प्रकाश में आया है। पुलिस द्वारा घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता एवं निष्पक्षता से जांच की जा रही है। पीड़िता एवं उसके परिजनों के बयान सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


