मुरैना। रील बनाने के चक्कर में 11 साल के मासूम की जान चली गई। फांसी लगाकर तड़पने की रील बना रहे बच्चे की गला घुटने के बाद मौत हो गई। बच्चे सोचते रहे कि दोस्त एक्टिंग कर रहा है।
बच्चों के हाथ में मोबाइल थमाना खतरनाक बन रहा है। जिले के अंबाह थाना क्षेत्र अंतर्गत लेन रोड पर खेतों में रील के चक्कर में फांसी लगाने वाले बालक की मौत हो गई। साथी खिलाड़ी बालकों ने फांसी के सीन का वीडियो बनाया। बताया जाता है कि बीती शाम क्षेत्र के बच्चे खेतों में एक साथ खेल रहे थे। खेल-खेल में फांसी के सीन का एक्शन करते समय अचानक पेड़ के नीचे बाउंड्री पर पैर फिसलने से रस्सी खिंच गई। बालक करन उर्फ कान्हा परमार उम्र 11 वर्ष की तड़प तड़प कर मौत हो गई। बालक करन के शरीर में हलचल न होने पर बच्चे घबराकर भाग गए। परिजनों को सूचना मिलने पर खेत पर पहुंचे और बालक को फंदे से उतार कर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आज पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी। फांसी के सीन का वीडियो आज सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

