मुजफ्फरनगर। एक और अस्पताल में एडमिट गर्भवती महिला की डिलीवरी के दौरान मौत के बाद हंगामा हो गया। बताया गया है कि रामपुर तिराहे पर स्थित भारद्वाज नर्सिंग होम में महिला की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। परिजनों ने पुलिस चौकी पर पहुंच कर नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बहादराबाद के टिरा हजारा निवासी नीटू अपनी पत्नी को दिखाने के लिए नर्सिंग होम लेकर आए थे। जांच के बाद डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए भर्ती करने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने केवल जांच कराने की बात कही थी, लेकिन महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर ऑपरेशन कर दिया गया। उनका कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी तब हुई जब अस्पताल प्रशासन द्वारा दवाइयों और पैसे की मांग की गई। इस पर पति ने बिना जानकारी और सहमति के ऑपरेशन किए जाने का विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ मौके से चले गए तथा नर्सिंग होम पर ताला लग गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका है।


