मुजफ्फरनगर। पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक द्वारा उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश विभाजन की त्रासदी के दौरान प्राणोत्सर्ग करने वाले लोगों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अपने संबोधन में कहा कि देश का विभाजन एक ऐसी भीषण त्रासदी थी, जिसने लाखों परिवारों को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं मानसिक रूप से गहरे प्रभावित किया। स्वतंत्रता प्राप्ति के समय देश के विभाजन का दर्द आज भी इतिहास के पन्नों में एक गहरे जख्म के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें भेदभाव, वैमनस्य एवं दुर्भावना को समाप्त कर आपसी एकता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे एवं मानव सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात नगर राधा रमण सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


