मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग के अंतर्गत गंग नहर कांवड़ मार्ग पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग अभिनव राज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनिल कुमार कैबिनेट मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार रहे। मंत्री ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन के आधार हैं,वे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक श्री अभिनव राज ने भी पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री गीतेश चंद्रा, सहायक अभियंता श्री संतोष कुमार यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री आदित्य सोनकर, दीपांजलि शर्मा वन दरोगा एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ किया गया।


