Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर पहुंचे गुजरात के राज्यपाल, हुआ भव्य स्वागत

मुजफ्फरनगर। जाट समाज महासभा के तत्वावधान में रविवार को शहर के पंजाबी बारात घर में भव्य ‘जाट प्रतिभा अलंकरण समारोह’ एवं ‘प्राकृतिक खेती एकमात्र समाधान’ विषय पर एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महासभा द्वारा राज्यपाल को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने हाईस्कूल के 85 और इंटरमीडिएट के 28 मेधावी छात्र-छात्राओं सहित क्षेत्र के 35 अग्रणी किसानों व अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मेधावी व्यक्तित्व ही समाज को प्रगति के सोपान पर पहुंचाते हैं। प्रतिभाएं किसी भी समाज का महाधन होती हैं, जो अपने परिवार और समाज का गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने समाज के महापुरुषों दीनबंधु चौधरी छोटूराम और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि वे जीवन मूल्यों और सिद्धांतों पर चलने वाले युगपुरुष थे, जिन्होंने समाज को प्रगति का मार्ग दिखाया। देश की आजादी में भी इस समाज का अप्रतिम योगदान रहा है।राज्यपाल ने युवाओं और किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में सौम्यता अपनाएं तथा शत्रु और मित्र के बीच अंतर को पहचानें। योग्य और चरित्रवान व्यक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना’ से खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि हो रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। रासायनिक खेती को छोड़कर प्राकृतिक खेती अपनाना ही भविष्य का एकमात्र समाधान है।कार्यक्रम में जाट समाज महासभा के मुख्य संरक्षक कुंवर विजय राज सिंह, जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अहलावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पैरा एथलेटिक्स ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह फौजदार, भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, रमाला चीनी मिल के उपाध्यक्ष जयदेव अहलावत, पूर्व विधायक उमेश मलिक और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस दौरान मुख्य रूप से मांगेराम वर्मा, रणधीर सिंह, ओमपाल सिंह, मनोज वर्मा, अरविंद मलिक, जगदीश बालियान, श्यामपाल, कल्याण सिंह, धर्मवीर मलिक, महिला विंग की जिलाध्यक्ष रेनू चौधरी, नरेंद्र सिंह और देवेंद्र तोमर सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *