मुजफ्फरनगर। दक्षिणी खालापार में तलाक के बाद दूसरे पति के साथ रह रही पत्नी के पहले पति के 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत से हडकंप मच गया। संदिग्ध परिस्थितियों में उसका बरामद हुआ। मृतक बच्चे के सगे पिता ने अपनी पूर्व पत्नी और उसके दूसरे पति पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खालापार थाना क्षेत्र के दक्षिणी खालापार निवासी वकार के दो पुत्र (बड़ा बेटा अर्श और छोटा बेटा शाइम) थे। करीब नौ वर्ष पूर्व वकार की पत्नी जरीन ने उससे तलाक ले लिया था और खालापार के ही निवासी शराफत नामक व्यक्ति से निकाह कर लिया था। तलाक के बाद जरीन अपने छोटे बेटे शाइम को अपने साथ ले गई थी। जबकि बड़ा बेटा अर्श अपने पिता के साथ रह रहा था। शाइम अपनी मां जरीन और सौतेले पिता शराफत के साथ रह रहा था। शुक्रवार देर शाम शाइम का शव मकान की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मामल की सूचना पर शाइम के सगे पिता वकार मौके पर पहुंचे। वकार ने अपनी पूर्व पत्नी जरीन और उसके दूसरे पति शराफत पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। वकार का आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद आरोपी बिना किसी को सूचना दिए आनन-फानन में शव को सुपुर्द ए खाक करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बच्चे के सौतेले पिता का कहना है कि सीने में दर्द उठने के बाद उसकी स्वाभाविक मौत हुई।


