Skip to main content

TR NEWS UP-UK

कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी ने ट्रांसपोर्टर एवं व्यापारियों के साथ गोष्ठी में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

मुजफ्फरनगर । आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा ट्रांसपोर्टर एवं व्यापारियों के साथ गोष्ठी में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के ट्रांसपोर्टर एवं व्यापारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में लागू यातायात डायवर्जन व्यवस्था का पूर्णतः पालन कराया जाए तथा सभी ट्रांसपोर्टर अपने वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों एवं समयानुसार ही वाहनों का संचालन करने हेतु निर्देशित करें। प्रतिबंधित मार्गों पर किसी भी प्रकार के भारी अथवा व्यावसायिक वाहनों का संचालन न किया जाए तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें, सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न होने दें तथा अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखें। कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी उपस्थित लोगों से अपील की गई कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी ट्रांसपोर्टरों, व्यापारियों एवं आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी सदर श्री राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्री सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी खतौली श्रीमती रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी बुढाना श्री गजेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री सुभाष चन्द्र सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *