मुजफ्फरनगर। जिले के जौला गांव निवासी कामिल (52) और इरशाद (45) के शव सोमवार सुबह करीब पांच बजे झज्जर-गुरुग्राम रोड के किनारे पड़े मिले।
दोनों मृतक रहने वाले उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के हैं और काम राजस्थान के नीमराना में करते थे। उनके शव झज्जर में कैसे पहुंचे, इसकी जांच में पुलिस जुटी है। कामिल राजस्थान के नीमराणा में प्रॉपर्टी का काम करते थे, उन्हीं के साथ इरशाद भी रह रहे थे। दोनों के शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पुहंचकर शवों को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, कामिल के सिर पर पीछे और इरशाद के आंखों में चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक पाइप, नीला ड्रम और लोहे का पाइप्रेंच भी बरामद हुआ है। पुलिस को जांच में शवों के आसपास गाड़ी के टायरों के निशान भी मिले हैं। प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। थाना सदर के एसएचओ परमजीत ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि झज्जर-गुरुग्राम रोड स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास दो शव पड़े हैं। इसके बाद दुलीना पुलिस चौकी, सदर थाना पुलिस के अलावा सीआईए, स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक जांच के बाद शवों को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज से कामिल और इरशाद के यहां पहुंचने के बारे में जानकारी हासिल करने में जुटी है। पुलिस ने मौके से मिले ड्रम और अन्य सामान की भी फोरेंसिक जांच कराई है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।


