मेरठ। दौराला में रविवार शाम ईख के खेत में जानसठ निवासी युवक का जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरु किए। कुछ ही देर में मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर के जानसठ निवासी 32 वर्षीय प्रवीन पुत्र सुखपाल के रूप में हो गई। पास ही तेल की केन मिली है, जिसके आधार पर पुलिस मामले को सुसाइड मानकर चल रही है। जबकि ग्रामीणों का मानना है कि यह हत्या है। फिलहाल हत्या व आत्महत्या के बीच पुलिस की जांच चल रही है। मौके पर मिली बाइक भी प्रवीन की ही निकली। खेत में जला शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण एकत्र होने लगे। तभी मृतक प्रवीन के कुछ रिश्तेदार भी वहां आ गए। बताया जाता है कि सकौती टांडा में प्रवीन की ससुराल है। पुलिस के अनुसार प्रवीन की शादी दौराला के सकौती टांडा में मंजू से हुई थी। उनके तीन बच्चे भी हैं। कुछ दिन पहले मंजू अपने बच्चों को लेकर मायके आ गई थी। संभवत: प्रवीन अपनी ससुराल आ रहा था। मोबाइल से मिले एक नंबर के आधार पर पुलिस ने ससुराल में संपर्क किया, जिसके बाद साले संदीप समेत काफी लोग मौके पर पहुंच गए।


