Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर के स्मार्ट सिटी के रूप में विकास हेतु 12 करोड़ रुपये स्वीकृत

मुज़फ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर शहर के समग्र एवं आधुनिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। प्रदेश सरकार द्वारा नगर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी स्वरूप विकसित करने हेतु प्रारंभिक चरण में 12 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए के शर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं मुज़फ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल के सतत प्रयास एवं प्रभावी पैरवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुज़फ्फरनगर को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि के माध्यम से नगर में स्मार्ट एवं आधुनिक विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी, जिसमें सड़कों का सुदृढ़ीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बेहतर जल निकासी प्रणाली, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्र विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। साथ ही यह धनराशि प्रतिवर्ष बढ़ाई जाएगी, जिससे नगर के दीर्घकालिक एवं योजनाबद्ध विकास को निरंतर गति मिल सके।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिलाधिकारी से विस्तृत वार्ता कर मुज़फ्फरनगर को समृद्ध, व्यवस्थित एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि आमजन को सीधे तौर पर इन परियोजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुज़फ्फरनगर को मिली यह सौगात न केवल नगर के विकास को नई दिशा देगी, बल्कि व्यापार, रोजगार, निवेश एवं नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नए अवसर उत्पन्न करेगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *