मुजफ्फरनगर। दि गुड़ खांडसारी ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर व्यापारियों के बीच चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान चुनाव अधिकारी जयप्रकाश मुंदड़ा जिस फर्म जयप्रकाश कन्हैयालाल से जुड़े हुए हैं, उसी फर्म से मनमोहन मुंदड़ा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। ऐसी स्थिति चुनाव प्रक्रिया में हितों के टकराव (Conflict of Interest) को दर्शाती है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर स्वाभाविक रूप से प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। व्यापारियों के अनुसार यह व्यवस्था एसोसिएशन के बायलॉज की भावना एवं निष्पक्ष चुनाव के मूल सिद्धांतों के विपरीत है, जिसके कारण पूरी चुनाव प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व के चुनावों में प्रॉक्सी वोटिंग को लेकर कई विवाद एवं शिकायतें सामने आई थीं, जिससे चुनाव परिणामों की पारदर्शिता प्रभावित हुई थी। वर्तमान चुनाव में भी ऐसी आशंकाओं के चलते व्यापारी वर्ग में असंतोष एवं अविश्वास का माहौल बना हुआ है।जितेंद्र कुच्छल सचिन सिंघल रिकंल बसंल सुशील मित्तल ने चुनाव स्थगित करने की मांग की है।
व्यापारियों की मांग है कि चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए चुनाव अधिकारी की नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाए तथा चुनाव से संबंधित सभी आपत्तियों एवं शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण होने तक चुनाव प्रक्रिया को स्थगित किया जाए।
व्यापारियों का कहना है कि किसी भी संस्था की प्रतिष्ठा और गरिमा उसके निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनावों से ही बनी रहती है। इसलिए आवश्यक है कि चुनाव ऐसे वातावरण में संपन्न हों, जहां प्रत्येक सदस्य को चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता पर पूर्ण विश्वास हो।


