मुजफ्फरनगर। फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा मेरठ रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट के मुख्य द्वार के सामने गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनसेवा के उद्देश्य से प्याऊ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं पूर्व अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों एवं आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस सेवा शिविर का संचालन किया जाता है। शिविर में आने-जाने वाले लोगों को शीतल जल एवं मीठा शरबत निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
फेडरेशन के अध्यक्ष नीलकमलपुरी ने कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए फेडरेशन निरंतर जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।
विशेष सहयोग टिकोला शुगर मिल के स्वामी अमित स्वरूप जी द्वारा चीनी का सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जबकि टेंट की व्यवस्था गांधी टेंट हाउस द्वारा की गई है। यह सेवा शिविर पूरे माह संचालित रहेगा।
फेडरेशन के कोषाध्यक्ष आशीष बंसल ने बताया कि प्याऊ का संचालन फेडरेशन के सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के सहयोग से किया जा रहा है तथा सभी सदस्य उत्साहपूर्वक इसमें योगदान दे रहे हैं।
फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक पुण्य एवं जनहितकारी कार्य है, जिसे फेडरेशन प्रत्येक वर्ष निरंतर संचालित करता रहेगा।
इस अवसर पर सत्य प्रकाश रेशु, सह सचिव आशीष गर्ग, उपाध्यक्ष अश्वनी मित्तल एवं राकेश जैन, पंकज मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अंकित संगल, अशोक अग्रवाल, जीशान अहमद, सरदार अहमद, अमित गर्ग, शशांक मित्तल, शारिक सुल्तान, आकाश गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


