मुजफ्फरनगर। ईंट भट्ठे पर मजदूर की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। इसे लेकर मजदूरों ने धरना प्रदर्शन किया।
चरथावल क्षेत्र के मथुरा निवासी बबलू कश्यप की ईंट-भट्टे पर हुई मृत्यु के मामले में चल रहा धरना-प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। तहसीलदार राधेश्याम गौड़ एवं नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों एवं किसान यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता की। प्रशासन की ओर से मृतक परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया। समझौते के अनुसार ईंट-भट्टा मालिक द्वारा ₹10 लाख तथा जिला प्रशासन की ओर से₹5 लाख की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही मृतक के बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक ₹4-4 हजार प्रतिमाह पेंशन, अंत्योदय राशन कार्ड एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।प्रशासन के आश्वासन एवं मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। इस दौरान चरथावल कोतवाली पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।


