मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में अवैध रूप से संचालित अफीफा हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओटी व एनआईसीयू सील कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशानुसार उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह द्वारा बुढ़ाना कस्बे में संचालित अफीफा हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई पंजीकृत चिकित्सक, एमबीबीएस अथवा बीएएमएस चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला तथा आवश्यक अभिलेख एवं वैध पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। मौके पर केवल अस्पताल की संचालिका ही उपस्थित थीं, जिनके द्वारा अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एसडीएम बुढ़ाना को मामले से अवगत कराया गया, जिसके बाद तहसील प्रशासन एवं पुलिस बल के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) तथा एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) को सील कर दिया गया तथा अस्पताल को बंद कराते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण, निर्धारित मानकों एवं योग्य चिकित्सकों के किसी भी स्वास्थ्य संस्थान का संचालन पूर्णतः नियम विरुद्ध है। ऐसे संस्थानों के विरुद्ध जनपद में अभियान लगातार जारी रहेगा तथा भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


