मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आठ अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सख्त कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद जिलाधिकारी ने इसे शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले आयोजन के प्रति गंभीर उदासीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना। नोटिस जारी किए गए अधिकारियों में विनोद कुमार डाबरा (प्राविधिक सहायक, ग्रुप-सी, भूमि संरक्षण विभाग), कमलेश बाबू (खंड शिक्षा अधिकारी, पुरकाजी), धर्मेंद्र कुमार (सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी), तरुण कुमार (प्राविधिक सहायक, ग्रुप-सी, भूमि संरक्षण विभाग), राहुल सिंह तेवतिया (जिला कृषि अधिकारी), ओम हरि उपाध्याय (जिला पूर्ति अधिकारी), अभिनव राज (प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग) तथा संजय सिसोदिया (जिला गन्ना अधिकारी) शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन सभी अधिकारियों की ड्यूटी कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगाई गई थी, लेकिन निरीक्षण के समय उनकी अनुपस्थिति दर्ज की गई।
इसे प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही मानते हुए सभी से दो दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील और बड़े धार्मिक आयोजन में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय है तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।


