रुद्रप्रयाग। कर्णप्रयाग में विवाद और संघर्ष के बाद अब रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे पर कब्जा कर निहंगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्हें गुरुद्वारे से निकालने की कोशिश विफल हो गई। आज भी हंगामा जारी रहते इंटरनेट सेवाएं बंद कर भारी फोर्स तैनात किया गया है।
सूत्रों के अनुसार सिखों में 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई घटना को लेकर नाराजगी है। आरोप है कि शनिवार को कुछ निहंग श्रद्धालु नगरासू गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन करने लगे। निहंग सिखों पर गुरुद्वारे पर कब्जा का भी आरोप लगा है। रुद्रप्रयाग एसपी निहारिका तोमर और डीएम विशाल मिश्रा मौके पर पहुंचे हैं। निहंगों को गुरुद्वारे से बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
पुलिस और आईटीबीपी की टीमें निहंगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हुई है, लेकिन वे बाहर आने को तैयार नहीं है। स्थिति को संभालने के लिए क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बाधित की गई है। गुरुद्वारे में हो रहे हंगामे के बीच लंगर धाम साहेब में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिले के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे लगभग एक दर्जन लोग गुरूद्वारे में घुस गए थे। जिन्होंने शाम को गुरुद्वारे की लाइटें बंद कर दी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, गुरुद्वारे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने बताया कि मौके पर 30 से 40 पुलिसकर्मी और दो दर्जन से ज़्यादा आईटीबीपी जवान मौजूद हैं। रुद्रप्रयाग के एसडीएम, तहसीलदार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं।

