Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिव्य ध्यान योग आश्रम में हुआ योगाभ्यास

“स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के साथ मनाया गया योग दिवस

मुज़फ्फरनगर। पचैंडा रोड स्थित मोहल्ला राधिकापुरम में स्थित दिव्य ध्यान योग आश्रम में रविवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर आश्रम परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। योगाचार्य विनोद शर्मा एवं योग प्रशिक्षिका स्वाति के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी भी दी गई।

दिव्य ध्यान योग आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है। आज योग पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति की पहचान बन चुका है। योग के माध्यम से व्यक्ति अपने शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा बुद्धि को निर्मल रख सकता है। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की भी सराहना की।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री ऋषभदेव शर्मा ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “करें योग, रहें निरोग” के संदेश के साथ हुआ।

इस अवसर पर पंडित ब्रह्मप्रकाश शर्मा, मास्टर सोहनबीर सिंह, व्यापारी नेता संजय मिश्रा, पंडित अरुण मिश्रा, सतेंद्र शर्मा, गजेंद्र नेगी, नीलम शर्मा, विशाल कश्यप, पंकज शर्मा, गोपाल शर्मा, वाणी भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *