Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पालिका टीम का विरोध और अभद्रता 

मुजफ्फरनगर । शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सरकारी टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। नई मंडी क्षेत्र में कार्रवाई के समय हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दुकानदार और उसकी बुजुर्ग मां संयुक्त टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बहस और धक्का-मुक्की करते दिखे।

प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन नगर पालिका परिषद और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम को नई मंडी क्षेत्र में विरोध और अभद्रता का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम नगर पालिका, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्वच्छ भारत मिशन, अतिक्रमण हटाओ दल और पुलिस की मौजूदगी में नई मंडी क्षेत्र के पीठ बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा था और व्यापारियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग बंद करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा था।

इसी दौरान एक दुकान पर जांच और कार्रवाई के समय विवाद खड़ा हो गया। वायरल वीडियो में दुकानदार और उसकी बुजुर्ग मां टीम की कार्रवाई का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बुजुर्ग महिला एक अधिकारी के हाथ में मौजूद दस्तावेजों पर हाथ मारती नजर आ रही हैं, जिससे पत्रावलियां जमीन पर गिरने की स्थिति में पहुंच गईं। साथ ही नगर पालिका के एक कर्मचारी को धक्का देने का आरोप भी लगाया गया है। मौके पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। अभियान के संबंध में नगरपालिका की कार्यवाहक कर अधीक्षक पारुल यादव ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से प्लास्टिक उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नई मंडी क्षेत्र की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया और व्यापारियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।

निरीक्षण के दौरान पांच दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का भंडारण पाया गया। टीम ने कुल 2.5 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करते हुए संबंधित दुकानदारों से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, कार्यवाहक कर अधीक्षक पारुल यादव, राजस्व निरीक्षक अमित कुमार एवं अमरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक पलक्षा मैनवाल, स्वच्छ भारत मिशन से रुचि शर्मा, बीसी सोनू मित्तल, गौरव तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आकाश जोशी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *