मुजफ्फरनगर। करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का केंद्र बनी कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल सम्पन्न होने के बाद शिव चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन लगातार फील्ड में सक्रिय रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगातार ड्यूटी निभाई।
शिव चौक पर भगवान आशुतोष की महाआरती के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा के चेहरे पर नजर आई मुस्कान और संतुष्टि का भाव लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के बाद आरती में शामिल होकर उन्होंने भगवान आशुतोष का आशीर्वाद लिया।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की शानदार व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की भूमिका की जमकर सराहना हो रही है।


