मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से गुरुवार को मुजफ्फरनगर में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर किसान शहर की सड़कों पर उतरे। तिरंगों से सजे ट्रैक्टरों का लंबा काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा तो माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। यात्रा में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति व किसान एकता का संदेश दिया।
भाकियू ने यात्रा को ‘अगस्त ट्रैक्टर क्रांति यात्रा’ नाम दिया। संगठन के अनुसार अगस्त का महीना देश की आजादी और क्रांति के इतिहास से जुड़ा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यात्रा के माध्यम से किसानों और युवाओं के बीच राष्ट्रभक्ति, एकता तथा स्वतंत्रता आंदोलन की भावना पहुंचाने का प्रयास किया गया। यात्रा का नेतृत्व भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किया। उनका काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय पहुंचा, जहां यात्रा का समापन किया गया।
राकेश टिकैत ने कहा कि अगस्त का महीना देश की आजादी के संघर्ष से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि भाकियू वर्ष 2018 से ट्रैक्टर यात्राएं निकाल रही है और अगस्त में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जानी चाहिए। उनका कहना था कि इससे नई पीढ़ी और किसानों तक स्वतंत्रता संघर्ष तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचेगा।
टिकैत ने किसानों के मुद्दों को लेकर आने वाले समय में संघर्ष के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। ट्रैक्टर किसानों की ताकत है और अधिकारों की लड़ाई में यह किसानों की आवाज को मजबूती देने का माध्यम रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर किसानों की धरती है और यहां किसानों के ट्रैक्टरों को कोई नहीं रोक सकता। भाकियू की योजना अब जनपद के सभी ब्लॉकों में भी ट्रैक्टर तिरंगा यात्राएं निकालने की है।


