Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर भामाशाह जयन्ती ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में मनाई 

मुजफ्फरनगर। महान दानवीर एवं मेवाड़ के यशस्वी प्रधानमंत्री भामाशाह की जयन्ती के पावन अवसर पर राज्य कर विभाग, मुज़फ्फरनगर सम्भाग द्वारा आज आईटीआई सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का एक भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य व विशिष्ट अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास, व्यवसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता विभाग, कपिल देव अग्रवाल उपस्थित रहे, विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल सिंह, विधायका प्रतिनिधि (मीरापुर) सुप्रिया पाल, अध्यक्ष (नगरपालिका परिषद) मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिला अध्यक्ष संजय राठी तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी एवं राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों का एक जीवित पौधा एवं अंग वस्त्र भेंटकर अत्यंत भावपूर्ण स्वागत किया गया। इसके उपरांत, विभाग के संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राजनाथ तिवारी द्वारा महान दानवीर भामाशाह जी के जीवनवृत्त एवं उनके प्रेरक व्यक्तित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला गया, जबकि सहायक आयुक्त सारिका सिंह ने व्यापारियों को महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां देते हुए जीएसटी पंजीयन के लाभ, त्वरित पंजीयन जारी किए जाने की प्रक्रिया तथा व्यापारी दुर्घटना योजना आदि लोक-कल्याणकारी विषयों से सभी को विस्तार से अवगत कराया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में, राज्य कर विभाग द्वारा पारदर्शी व उत्कृष्ट कर अनुपालन को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर देने वाले क्षेत्र के शीर्ष 10 व्यापारियों व उनकी फर्मों को मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में उपस्थित जनसमूह और व्यापारी संगठनों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने ओजस्वी भाषण में राष्ट्र निर्माण में व्यापारी समुदाय के अमूल्य योगदान की सराहना की और व्यापारी समुदाय के व्यापक हित में उत्तर प्रदेश सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आदरणीय मुख्यमंत्री जी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित सभी जनों से राष्ट्रहित में दानवीर भामाशाह के महान आदर्शों, अभूतपूर्व त्याग और अटूट देशभक्ति से प्रेरणा लेने का पुरज़ोर आह्वान किया; साथ ही कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न व्यापारिक एवं उद्योग संगठनों की समस्याओं व सुझावों को बेहद संवेदनशीलता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी निराकरण के निर्देश दिये गये।

इसी कड़ी में प्रशासनिक दृष्टिकोण साझा करते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन मुज़फ्फरनगर के सभी व्यापारियों को एक सुरक्षित, भयमुक्त और अत्यंत सुगम व्यापारिक माहौल देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

 

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विशिष्ट वक्ताओं ने भी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में व्यापारियों की महत्ता को रेखांकित करते हुए शासन की विभिन्न व्यापारी-हितैषी नीतियों व योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

इस भव्य और सफल समारोह का औपचारिक समापन सिद्धेश चन्द्र दीक्षित, संयुक्त आयुक्त (वि.अनु.शा.), राज्य कर, मुज़फ्फरनगर सम्भाग द्वारा किया गया, जिन्होंने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, सम्मानित पत्रकार बंधुओं, सहयोगी विभागीय अधिकारियों और दूर-दराज से पधारे समस्त व्यापारी भाइयों, उद्योग बंधुओं व संगठन प्रतिनिधियों के प्रति हृदय से आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *