Skip to main content

TR NEWS UP-UK

नगर पालिका बोर्ड ने पास किया प्रस्ताव, अब महाराणा प्रताप के नाम से जाना जाएगा वहलना चौक

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में 90 करोड़ के 165 प्रस्ताव पास कर दिए गए। इसमें वहलना चौक का नाम बदलकर “महाराणा प्रताप चौक” किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित होने पर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका चेयरपर्सन एवं समस्त बोर्ड सदस्यों का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के अद्वितीय योद्धा, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के अमर प्रतीक हैं। उनके नाम पर शहर के प्रमुख चौक का नामकरण नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, आत्मसम्मान एवं भारतीय संस्कृति के गौरव की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।

उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर वे निरंतर प्रयासरत रहे हैं। पूर्व में भी उन्होंने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मेरठ की ओर से शहर में प्रवेश स्थल (गुप्ता रिजॉर्ट के समीप) महाराणा प्रताप जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की कार्यवाही कर शासन को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था। उनका उद्देश्य केवल चौक का नामकरण ही नहीं, बल्कि उस स्थान को महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्थल बनाना है। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर पालिका बोर्ड द्वारा पारित यह प्रस्ताव शीघ्र ही मूर्त रूप लेगा और “महाराणा प्रताप चौक” आने वाले समय में मुजफ्फरनगर की पहचान तथा राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का एक प्रमुख प्रतीक बनेगा।

उन्होंने नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरुप, समस्त सभासदों एवं बोर्ड सदस्यों का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय जनभावनाओं के अनुरूप होने के साथ-साथ भारत के गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *