मुज़फ़्फ़रनगर। सावन की कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ रोड ‘मंगल बाज़ार’ की साप्ताहिक पैंठ को एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने आदेश जारी कर दिए हैं, जो 14 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रभावी रहेंगे।
मंगलवार सुबह दूर-दराज़ से सैकड़ों रेहड़ी, पटरी और अस्थायी दुकानदार नुमाइश मैदान पहुंच गए। तभी सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दुकानदारों को दुकानें हटाने के निर्देश दिए। पुलिस की कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों को सामान वापस समेटना पड़ा। कुछ दुकानदारों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि उन्हें पहले से सूचना मिल जाती तो वे इतनी दूर से माल लेकर नहीं आते। कई छोटे व्यापारी केवल इसी साप्ताहिक बाजार पर अपनी आजीविका के लिए निर्भर हैं। प्रशासन का कहना है कि शिव कांवड़ यात्रा के दौरान नुमाइश मैदान और आसपास का क्षेत्र यातायात, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इसी कारण जनहित और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक महीने तक मंगल बाज़ार पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। अब 11 अगस्त के बाद ही नुमाइश मैदान में साप्ताहिक पैठ का संचालन दोबारा शुरू हो सकेगा। आपको ये भी बता दें कि बारिश की वजह से हुए जल भराव के कारण अभी तक भी नुमाइश मैदान में पानी भरा हुआ है। जिस कारण अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानों को सड़क किनारे सजाने में लगे हुए थे।


