–रामलीला मैदान नई मंडी में रोज शाम 7:30 से कथा, कृष्ण जन्मोत्सव और गोवर्धन लीला होंगे खास आकर्षण
मुजफ्फरनगर। इस्कॉन प्रचार समिति की ओर से 21जून से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। 21 जुलाई को भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को रामलीला मैदान नई मंडी आयोजित मीडिया सेंटर के पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के संरक्षक लावण्य पुरी ने दी। उन्होंने बताया कि समिति पिछले 25 वर्षों से निरंतर भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा और श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्रीमान साक्षी गोपाल दास जी के सानिध्य में कराती आ रही है। इस वर्ष श्रीमद् भागवत कथा 21 जून दिन रविवार से 28 जून दिन रविवार तक रामलीला मैदान, नई मंडी में होगी। कथा का समय प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक रहेगा। समिति के चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने बताया कि कथा के तृतीय एवं पंचम दिवस पर कृष्ण जन्मोत्सव और गोवर्धन लीला का विशेष आयोजन किया जाएगा। कथा के बाद प्रतिदिन विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा। सभी मुजफ्फरनगर वासियों से कथा में पहुंचकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की गई है। प्रधान मनोज खंडेलवाल ने बताया कि 21 जून से रोज सुबह 7 बजे शहर के विभिन्न स्थानों से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य घर घर हरिनाम संकीर्तन करना है। प्रभात फेरी अलग अलग मोहल्लों से होकर गुजरेगी। वाइस चेयरमैन कुलवंत सिंघल ने जानकारी दी कि 21 जुलाई को शाम 4 बजे मेहता क्लब, नई मंडी से भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। समिति ने सभी शहरवासियों से रथयात्रा और कथा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है। प्रेस वार्ता में लावण्य पुरी, राकेश अग्रवाल, गिरीश अरोरा, पंकज अग्रवाल, कुलवंत सिंघल, सुरेंद्र अग्रवाल, मनोज खंडेलवाल, संजीव बत्रा, राकेश वर्मा, संदीप माहेश्वरी, रविकांत सिंघल, राजीव गुप्ता, स्वप्निल गुप्ता, अंकुर अग्रवाल, नवनीत भारद्वाज, मनीष गर्ग, राजेश गर्ग, हरीश, सतीश, लोकेश, सत्यम, सरगम सक्सैना, नीरज गोयल, सोनू भाई, विवेक गुलाटी, मोहित बंसल, सचिन, आशीष, शशांक आदि मौजूद रहे।


