हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में शिवभक्त वाहन और अन्य साधनों से हरिद्वार पहुंचकर गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। डाक कांवड़ के दौरान कम समय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों का आवागमन होने के कारण यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रमुख मार्गों, हाईवे और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मोतीचूर तक हाईवे का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों से यातायात और भीड़ की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान वाहनों की आवाजाही और पार्किंग से संबंधित व्यवस्थाओं को भी देखा गया।
इस दौरान शंकराचार्य चौक पर संचालित हो रहे स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण कर चिकित्सा उपचार करा रहे कांवड़ियों से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा मौजूद चिकित्साओं को निर्देश दिए है कि शिवभक्तों के किन्हीं कारणों से चोट लगने पर स्वास्थ्य कैंप में आने वाले का तत्परता से उपचार सुनाश्चित कराया जाए।


