मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज ऑटोनोमस, मुजफ्फरनगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एम.ए.जे.एम.सी.द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। घोषित परिणाम के अनुसार उदित ने 451 अंक (90.2 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। निक्षय धीमान ने 445 अंक (89 प्रतिशत) के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि मज़हर हुसैन ने 424 अंक (88.5 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभाग के सभी विद्यार्थी उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र उदित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विभाग के प्रवक्ताओं तथा महाविद्यालय के प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि विभाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में मीडिया क्षेत्र की गहन समझ विकसित होती है और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र निक्षय धीमान ने कहा कि विभाग में शिक्षकों द्वारा नियमित मार्गदर्शन एवं आधुनिक शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल परीक्षा की तैयारी कराई जाती है, बल्कि उन्हें मीडिया उद्योग की व्यावहारिक चुनौतियों के लिए भी तैयार किया जाता है।
तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र मज़हर हुसैन ने कहा कि विभाग में समय-समय पर आयोजित कार्यशालाएँ, प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया से जुड़ी गतिविधियाँ, वीडियो एडिटिंग, कंटेंट राइटिंग तथा अन्य स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज ऑटोनोमस के उप-प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ है। विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट परिणाम उनकी मेहनत, अनुशासन तथा विभाग के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम उनकी लगन, निरंतर अध्ययन एवं सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी भविष्य में अपने ज्ञान और कौशल से समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश कुशवाहा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मीडिया एवं संचार का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। एमएजेएमसी पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में प्रभावशाली लेखन, विश्लेषणात्मक सोच, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क, संचार कौशल तथा मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ विकसित करता है, जिससे उनके लिए रोजगार एवं करियर की व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध होती हैं।
इस अवसर पर प्रवेश समन्वयक नीतू सिंह तथा विभाग की प्रवक्ता कहकशा मिर्ज़ा, शिवानी बर्मन, मयंक वर्मा एवं वितिक मित्तल ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


