चंडीगढ़। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार को एक पिकअप गाड़ी और एक भारी ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में परिवार के व्यक्ति की अस्थियों को विसर्जित करने जा रहे आठ लोगों की मौत हो गई और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जलालाबाद गांव के एक ही परिवार के लगभग 25 लोग अमृतसर जिले के ब्यास में एक धार्मिक स्थल पर परिवार के एक सदस्य का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। यह हादसा सुबह करीब 5:40 बजे फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर हुआ। ट्रक की टक्कर से पिक-अप गाड़ी घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस, राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी के अंदर फंसे कई लोगों को बाहर निकालने के लिए क्षतिग्रस्त गाड़ी के हिस्सों को काटना पड़ा। पिक-अप गाड़ी में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। फिरोजपुर के एसएसपी राजिंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि पीड़ित परिवार के एक मृतक सदस्य की अस्थियां ब्यास नदी में विसर्जित करने के लिए ब्यास जा रहा था। उन्होंने कहा कि ज्यादातर पीड़ित एक ही परिवार के थे। पिक-अप में सवार लोग जलालाबाद वेस्ट से डेरा ब्यास जा रहे थे; तभी जंगनवाला मोड़ के पास यह हादसा हुआ।

