मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा, सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ श्री भानु भास्कर महोदय, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर अभिषेक सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा कांवड मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी, क्षेत्राधिकारी खतौली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारीगण द्वारा थाना नई मण्डी, मंसूरपुर, खतौली, खालापार एवं कोतवाली नगर क्षेत्र में पड़ने वाले सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं प्रमुख चौराहों/तिराहों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने खतौली गंग नहर, बागोवाली कट, भैंसी कट, शिव चौक, मिनाक्षी चौक, रामपुर तिराहा, एनएच 58 कांवड यात्रा मार्ग सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। शिव चौक, जहां बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हैं, वहां की व्यवस्थाओं का भी विशेष रूप से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिनस्थ अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की संख्या, रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की साथ ही बताया कि संबंधित जनपदों एवं उत्तराखण्ड पुलिस के साथ निरंतर समन्वय एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान बनाए रखा जाए, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, सम्पूर्ण कांवड़ यात्रा दुर्घटनामुक्त हो, सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त उपलब्धता रहे, मार्ग पर लगे चेतावनी/सांकेतिक बोर्ड स्पष्ट, सुगम एवं सुव्यवस्थित रूप से स्थापित किए जाएं, यातायात व्यवस्था हर स्थिति में सुचारु एवं निर्बाध बनी रहे इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित कर लिया जाए साथ ही दुर्घटनारहित एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गये।


