हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की जबरदस्त टक्कर होने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में नाना, नानी और उनका पांच वर्षीय मासूम पोता शामिल है।
पुलिस के अनुसार, हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहले दूसरी स्कूटी से टक्कर हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को तो कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर- ट्रॉली सड़क पर ही खड़ी रही, जिससे बाद में यह जानलेवा हादसा हो गया। बताया गया कि वीर सिंह (52), उनकी पत्नी मंजू देवी (50) और उनका पांच वर्षीय पोता शिवा सिंह स्कूटी से हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली लौट रहे थे। देर रात श्यामपुर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क घेरकर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

