Skip to main content

TR NEWS UP-UK

पुलिस परिवार के बच्चों हेतु कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया

मुजफ्फरनगर । रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में पुलिस परिवार के सदस्यों एवं बच्चों के लिए एक कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर के अवसरों की जानकारी प्रदान करना, उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उचित मार्गदर्शन देना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना था।

कार्यक्रम में वामा सारथी, मुजफ्फरनगर की अध्यक्षा डॉ. नीलम राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का सही समय पर उचित मार्गदर्शन उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों को अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञ कैरियर काउंसलरों द्वारा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास तथा रोजगार के विविध क्षेत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। काउंसलरों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप कैरियर चयन के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम में डाॅ. सुनील पवार द्वारा बच्चों को स्वस्थ एवं संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य तथा अध्ययन के दौरान पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर एवं सकारात्मक मानसिक स्थिति ही सफलता की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। इस प्रकार का मार्गदर्शन कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने एवं उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। इस दौरान 200 से अधिक पुलिस परिवार के सदस्यों व बच्चों की कैरियर काउंसलिंग की गयी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, पीसीएस अधिकारी श्री आकाश कुमार, रोहित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह, आकाश इंस्टिट्यूट व रिजोनेंस इस्टिट्यूट के काउसलर्स श्री मन्दीप मलिक, शिवम मिश्रा, उदित शर्मा, शहनवाज अहमद, बादल सिहं, नितिन कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण, पुलिस परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *