मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवार के कल्याणार्थ संचालित वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में पुस्तक मेला एवं कौशल विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रिजर्व पुलिस लाईन में शिव मन्दिर प्रांगण स्थित बहुउद्देशीय हाल में बुक फेयर एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों की प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वामा सारथी अध्यक्ष डॉ० नीलम राय, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर तथा वामा सारथी नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिसकर्मियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण तथा पुलिस परिवार के बच्चे/सदस्यगण उपस्थित रहे।
बुक फेयर के दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक पुस्तकों के बारे में जानकारी दी गई। छोटे एवं बड़े सभी बच्चों ने नई-नई किताबों को देखा, पढ़ा तथा उनके विषय में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करना, रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्टार्टअप एवं नवाचार से संबंधित जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर पुलिस लाइन के बच्चों एवं पुलिस लाइन लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा बच्चों द्वारा अपनी रूचिनुसार पुस्तकों को भी खरीदा गया।
इसके अतिरिक्त वामा सारथी कौशल विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित सिलाई एवं ब्यूटीशियन कोर्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के वस्त्रों एवं हस्तनिर्मित सामग्री का प्रदर्शन किया गया। साथ ही ब्यूटीशियन कोर्स से जुड़ी महिलाओं द्वारा लाइव प्रैक्टिकल के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों द्वारा सराहना की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं कौशलयुक्त बनाना तथा बच्चों में शिक्षा एवं नवाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


