इंफाल। मणिपुर में सिक्योरिटी फोर्सेस की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान लेइलोन वैफेई गांव में छह नागरिकों के शव बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये शव 13 मई से लापता उन छह नागा नागरिकों के होने की पूरी आशंका है, जिन्हें कोन्शाखुल से लौटते समय बंधक बना लिया गया था। वहीं, ग्रामीणों को शव मिलने की बात पता चला तो उन्होंने जेएनआईएमएस को घेर लिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। मणिपुर पुलिस के अनुसार, राज्य पुलिस, सीआरपीएफ और असम राइफल्स की लगभग 450 जवानों की टीम ने करीब 24 घंटे चले सर्च ऑपरेशन में स्निफर डॉग्स और फॉरेंसिक टीम की मदद से ये शव बरामद किए। शव बेहद सड़े-गले और क्षत-विक्षत हालत में मिले हैं, जिस वजह से बाहरी तौर पर पहचान करना मुश्किल था। शवों को इम्फाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) और रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा।


