मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक ब्यूटीशियन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की उनके पति ने चाकू मार कर हत्या कर दी। उसने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्लॉट के बैनामे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसके बाद हत्या की गई। पुलिस के अनुसार, प्रदीप चौहान और उनकी पत्नी निशा चौहान ने गांव में कोठी के पास एक प्लॉट खरीदा था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। निशा प्लॉट अपने नाम कराना चाहती थीं, जबकि प्रदीप अपने नाम पर बैनामा कराने की बात पर अड़ा था। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब 24 हजार फॉलोअर्स वाली निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। उनकी लोकप्रिय रील ‘मिस्त्री मान जाओ’ के बाद उन्हें पहचान मिली थी। अब निशा की हत्या के बाद तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

