मुजफ्फरनगर। थाना बुढाना पुलिस द्वारा प्रतिबन्धित वेनेरेक्स कफ सीरप की खरीद-फरोख्त करने वाले 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 पेटी कार्टन में कुल 2845 शीशियां प्रतिबन्धित वेनेरेक्स कफ सीरप(अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रूपये), 03 लाख रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त 01 आल्टो कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के कुशल नेतृत्व में थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर प्रतिबन्धित वेनेरेक्स कफ सीरप की खरीद-फरोख्त के अवैध कारोबार में संलिप्त 03 अभियुक्तों को बुढाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर स्थित खंडहर के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 24 पेटी कार्टन में कुल 2845 शीशियां वेनेरेक्स कफ सीरप, 03 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त 01 आल्टो कार बरामद की गई। अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त हैं अमजद पुत्र मौहम्मद अरशद निवासी किला परीक्षितगढ राजा दरवाजा किठौर मोड के पास मेरठ थाना किला परीक्षितगण, मेरठ तथा हाल पता मदीना बस्ती विकास नगर, आरडीएन होटल के सामने उत्तराखण्ड, गुलवेज पुत्र इंतजार निवासी नई बस्ती भूड थाना खतौली व जोएब पुत्र जावेद निवासी इकराम नगर थाना लोनी, कमिश्नरेट गाजियाबाद। उनका साथी शुभम पुत्र नामालूम निवासी गाजियाबाद फरार है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वे प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त का कार्य करते हैं। अभियुक्तों ने उक्त प्रतिबंधित कफ सिरप शुभम निवासी गाजियाबाद से खरीदे थे तथा उन्हें उत्तराखण्ड में बेचकर अवैध लाभ अर्जित करते थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तगण आज भी उक्त प्रतिबंधित कफ सिरप को उत्तराखण्ड में बेचने के उद्देश्य से जा रहे थे, तभी पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से बरामद नकदी के सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि यह धनराशि भी प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध बिक्री से अर्जित की गई थी।


