पटना। चर्चित यूट्यूबर खान सर के ‘खान जीएस रिसर्च सेंटर’ के बाहर मंगलवार देर रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया।कदमकुआँ (मुसल्लहपुर हाट) थाना क्षेत्र में हमलावरों ने कोचिंग कैंपस के अंदर घुसकर न केवल तोड़फोड़ की और कई पोस्टर फाड़ दिए, बल्कि विरोध करने पर वहां मुस्तैद सुरक्षा गार्डों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हिंसक हमले में ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड का सिर फूट गया है, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही खान सर रात करीब 11:30 बजे खुद कोचिंग सेंटर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। खान सर ने बताया कि बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट आने के चलते दिनभर सफल छात्रों के सम्मान का कार्यक्रम चल रहा था। क्लासेस खत्म होने के बाद थके-हारे स्टाफ के बीच अचानक 10 से 12 की संख्या में उपद्रवी आए और धमकाते हुए मारपीट शुरू कर दी। खान सर ने इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का भी गंभीर दावा किया है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि यह हमला बगल के ही कुछ कोचिंग संचालकों ने कराया है, क्योंकि वे उनके बेहद कम फीस में गरीब बच्चों को पढ़ाने के फैसले से परेशान रहते हैं। खान सर के मुताबिक, उन्हें दो दिन पहले ही कोचिंग को उड़ाने की धमकी भी दी गई थी।

