मुजफ्फरनगर। अंधाधुंध बिजली कटौती के बीच उग्र उपभोक्ताओं द्वारा जेई से मारपीट को लेकर मुकदमा दर्ज करने को लेकर मंत्री अनिल कुमार ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई लेकिन विभाग के मुख्य अभियंता ने मुकदमा वापस लेने से इंकार कर दिया है।
विद्युत चीफ विनोद गुप्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने जेई के साथ मारपीट की थी इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मंत्री जी अनावश्यक रूप से मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। कुछ दबंग दबंगई करते हुए देर रात तक काम कर रहे जेई के साथ मारपीट भी करेंगे और फिर मंत्री जी अधिकारियों को हड़का कर वीडियो भी वायरल करवाएंगे। दूसरी ओर मंत्री अनिल कुमार का कहना है कि आरोपी माफी मांग चुके हैं, ऐसे में मुकदमे का औचित्य नहीं है। मंत्री अनिल कुमार के पास पहुंचे बिजली विभाग से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि 24 घंटे में दर्जनों बार बिजली गायब होती है। बिजली के लंबे चौड़े बिल आते हैं। इस पर मंत्री अनिल कुमार ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जमकर हड़काया। बिजली विभाग की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है।


