कुशीनगर। सेवरही थाना इलाके के पिपराघाट गांव के देवनारायण टोला इलाके में बेटियों के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने दो नाबालिग बेटों की मदद से दोनों को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। देर रात चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नाबालिग भाइयों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद से पिता के अलावा अन्य परिजन और पड़ोसी घर से भाग गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि पिपराघाट के देवनारायण टोला निवासी रामप्रसाद मल्लाह की बेटियों लाली (20) और शीला (18) का गांव के दो युवकों के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों बहनें उनके साथ पिछले साल घर से भाग भी गई थीं। हालांकि करीब छह माह पूर्व दोनों लौट आईं। गांव वालों की मौजूदगी में पंचायत हुई। इसके बाद से वे अपने घर पर ही रह रही थीं। पिता को उनके व्यवहार पर शक था। पुलिस के अनुसार, रामप्रसाद ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपने 14 और 12 साल के दो बेटों की मदद से दोनों बेटियों को कमरे में बंदकर दिया और लाठी डंडे से इतना पीटा कि दोनों की मौत हो गई।

