Skip to main content

TR NEWS UP-UK

एडीजी ने किया कांवड़ियों का अभिनंदन व मार्ग का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ श्री भानु भास्कर महोदय द्वारा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और शिव चौक पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत व अभिनन्दन किया गया।

कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 02.08.2026 को देर रात्रि श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ श्री भानु भास्कर महोदय द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर का भ्रमण कर कांवड़ मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर श्री सिद्धार्थ के0 मिश्रा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा कांवड़ मार्ग पर स्थापित पुलिस सहायता केन्द्रों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा शिव चौक से अहिल्याबाई चौक से मदीन चोक तक पुलिसबल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा शिवभक्त कांवडियों से वार्ता कर उनकी कुशलक्षेम पूछी गयी साथ ही महोदय द्वारा शिव चौक पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान शिवभक्तों ने भी उत्साहपूर्वक पुलिस – प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
इसके साथ ही महोदय द्वारा रामपुर तिराहा अस्थायी थाने का भी निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग पर निरंतर सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निरंतर निगरानी बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को पूर्णतः सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।

मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *