हापुड़। थाना हापुड़ नगर और थाना हापुड़ देहात की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश श्याम मारा गया। एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार 18 और 19 जून की मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे थाना हापुड़ नगर पुलिस की टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक घुमाकर पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार होने लगा।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में की गई। पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि श्याम बीती 1 जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारीनगर में व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर की गई डकैती और लूटपाट की घटना में वांछित चल रहा था। इस मामले में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी ने बताया कि मृतक बदमाश का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जनपद मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

