मुजफ्फरनगर । बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ओयो होटल पर छापा मारकर अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ संदिग्ध मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस को लंबे समय से बुढ़ाना हिंद नदी पुल के पास एचपी पेट्रोल पंप के बराबर स्थित इस ओयो होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। होटल का संचालन आदेश सैनी नामक व्यक्ति कर रहा था।
सूचनाओं के आधार पर, बुढ़ाना एसडीएम कृष्णकांत विश्वकर्मा और थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में एक टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान होटल में आपत्तिजनक हालात पाए गए।
बताया जा रहा है कि इस होटल की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार जैसे अवैध धंधे संचालित किए जा रहे थे। पुलिस अब होटल संचालक और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री ने बताया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।