मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर में आगामी 24 जनवरी, 2026 को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज नुमाइश ग्राउंड, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में मुख्य विकास अधिकारी श्री कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर नुमाइश ग्राउंड, मुजफ्फरनगर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास, जिला उद्योग, श्रम विभाग, कृषि विभाग, कृषि मण्डी एवं सहकारिता, पशुपालन विभाग, गन्ना विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, पूर्ति विभाग, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, जिला प्रोबेशन विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला पंचायत, पंचायती राज, राज्य कर विभाग, बैंक विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, वन विभाग, नेडा विभाग, शहरी विकास विभाग, खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा तैयारियों की स्थिति से अवगत कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉलों पर योजनाओं के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसके लिए विभागों को निर्देश दिए गए कि वे वीडियो, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतीकरण, फ्लेक्स, बैनर एवं सूचना सामग्री के माध्यम से योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने स्टॉलों की साज-सज्जा, सूचना की स्पष्टता एवं समन्वयपूर्ण कार्यप्रणाली पर विशेष बल दिया।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गजेन्द्र कुमार द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी समस्त तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होने बताया कि यूपी दिवस कार्यक्रम में उपरोक्त विभाग के अतिरिक्त पुलिस विभाग तथा प्रोबेशन विभाग द्वारा नारी शक्ति की थीम पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया, सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस को जनोपयोगी, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने हेतु सभी संबंधित विभागों को सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


