मुजफ्फरनगर। पुरकाजी में 15 लाख 40 हजार रुपये की
कथित धोखाधड़ी के मामले में अदालत के आदेश पर मुकदमा
दर्ज किया गया है। वादी इंजीनियर सलमान ने आरोप लगाया है कि साझेदारी के नाम पर उनसे रकम लेकर आरोपियों ने धोखा किया और अब रुपये मांगने पर धमकियां दी जा रही हैं।
मोहल्ला खेड़ा दरवाजा, पुरकाजी निवासी इंजीनियर सलमान ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बिल्लिशाह चौक, झोझगान निवासी नवीश पुत्र फरमान, अजीम पुत्र डॉ. नूर हसन व अन्य साथियों के साथ उनकी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त को लेकर पार्टनरशिप हुई थी। आरोप है कि इसी साझेदारी के दौरान आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनसे 15,40,000 रुपये हड़प लिए। वादी का कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। न्यायालय के आदेश के बाद पुरकाजी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी के साथ वादी सलमान ने यह भी आरोप लगाया है कि अजीम के पिता नूर हसन बिना वैध डिग्री के कथित रूप से झोलाछाप डॉक्टर बनकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।