लखनऊ । राजधानी की इंटरटेनमेंट व प्रोडक्शन कंपनी के अध्यक्ष समेत पांच लोगों पर एक अभिनेत्री को नशीला पदार्थ पिलाकर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म कर वीडियो फिल्म बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है।
इस मामले में कंपनी के अध्यक्ष हेमंत कुमार राय, उसके साथी राजेश सिंह, जमील अहमद,. पी महेश, विशाल सरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई । नजीराबाद थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को पीड़ित अभिनेत्री के कोर्ट में कलम बंद बयान दर्ज कराए गए। इसमें अभिनेत्री ने एफआईआर में लगाए गए आरोपों को दोहराने के साथ ही अपनी पीड़ा बताई है। नजीराबाद निवासी कारोबारी की अभिनेत्री बेटी ने कहा कि लखनऊ की साउथ सिटी गेट नंबर चार स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास रहने वाला श्रेया इंटरटेनमेंट और प्रोडेक्शन कंपनी का अध्यक्ष हेमंत कुमार राय पिछले साल उसके घर आया और तीन-चार एलबम में काम करने और किसी बड़े स्टार के साथ एलबम लांच करने का वादा भी किया। हेमंत की बातों में फंसकर वह उनके साथ काम करने के लिए राजी हो गई। इसके बाद हेमंत और उसका एक-दूसरे के घर आना-जाना हो गया। आरोप है कि शूटिंग के सिलसिले में कई बार हेमंत व उनकी टीम के साथ मुंबई भी गई। नौ मई 2023 को होटल ताज पैलेस मुंबई में वह और हेमंत कुमार राय रुके थे। हेमंत ने उसे शराब पीने के लिए कहा। आरोप है कि मना करने पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाकर उसे बेहोश करने के बाद दुष्कर्म किया। इस दौरान अश्लील वीडियो और फोटोग्राफ भी बना लिए। विरोध करने पर फोटो व वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। परिवार के साथ हत्या की धमकी दी। आरोपी उसे शूटिंग की बात कहकर मुंबई, हैदराबाद, गुवाहाटी समेत कई शहरों में ले जाकर होटलों में दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद एलबम में काम करने से इंकार करने पर हेमंत व उसके साथियों ने धमकी दी कि अगर हमारी बात नहीं मानोगी तो तस्वीर व वीडियो वायरल कर देंगे।

