मुजफ्फरनगर। जिले में बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने जनहित में विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। हीट वेव से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि लोग अधिक से अधिक पानी पिएं, चाहे प्यास न भी लगी हो। शरीर में पानी की कमी न होने दें और घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, चावल का माड़, नींबू पानी और छाछ का नियमित सेवन करें। इसके साथ ही चाय, कॉफी और अधिक शर्करा युक्त ठंडे पेयों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है।
बाहर निकलने वालों के लिए खास हिदायत दी गई है कि हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। सिर को ढककर रखें और छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल जरूर करें। धूप में निकलते समय चेहरे, हाथ और पैरों को ढककर रखें तथा समय-समय पर गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करते रहें। एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति लू की चपेट में आ जाए तो उसे तुरंत छांव में लिटाएं, शरीर को गीले कपड़े से ठंडा करें या नहलाएं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। हीट वेव के लक्षण जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी को नजरअंदाज न करें।
प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने को कहा है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सख्त सलाह दी गई है। घर को ठंडा रखने के लिए दिन में खिड़कियों और पर्दों का उपयोग करें तथा रात के समय घर को खुला रखें। बार-बार स्नान करने और गीले कपड़ों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए ठंडे स्थान, पर्याप्त पानी और विश्राम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम गजेंद्र कुमार ने कहा कि जानवरों और बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। तेज धूप के समय घर के निचले हिस्से में रहने की कोशिश करें। गहरे रंग के भारी कपड़े पहनने से बचें और बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।