शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद कई जगह बादल फटने से जल प्रलय के हालात बन गये।
कई जिलों में बादल फटने से भारी तबाही मची और कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बादल फटने से 50 लोग अभी लापता हैं। अब तक पांच शव बरामद हुए हैं। इनमें से तीन मंडी व दो बागीपुल क्षेत्र से बरामद हुए हैं। बादल फटने से करीब चार पुल व 15 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मंडी जिले में 35 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। बादल फटने की घटना के बाद मंडी के पधर के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं।
दूसरी ओर रुद्रप्रयाग,श्री केदारनाथ धाम यात्रा पैदल मार्ग में फंसे यात्रियों का निरन्तर हैलीकॉप्टर एवं रेस्क्यू टीमों (एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, जिला पुलिस व प्रशासन) के सहयोग से यात्रियों को पैदल लाते हुए रेस्क्यू किया जा रहा है। अब तक 425 यात्रियों को लिंचोली एवं भीमबली से हैलीकॉप्टर के द्वारा सुरक्षित स्थान पर लाया गया है। 1100 यात्री रेस्क्यू टीमों के सहयोग से विभिन्न स्थानो से पैदल चलकर सोनप्रयाग के लिए पहुंचे हैं। इन सभी को उनके गन्तव्य तक भिजवाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के स्तर से इस समय शेरसी में मौजूद रहकर सम्पूर्ण रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं।

