मुजफ्फरनगर । भरतिया कॉलोनी में एक मुस्लिम द्वारा मकान खरीद लिए जाने और उसमें कथित तौर से नमाज़ पढ़े जाने का मामला तूल पकड़ रहा है। हिंदू संगठनों ने दो दिन के भीतर उक्त मकान को खाली कर ना बेचने पर वहां कब्जा कर धर्मशाला बनाने की चेतावनी दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की भरतिया कॉलोनी हिंदू कॉलोनी है,यहां किसी मुस्लिम का कोई आवास नहीं है। ऐसे में एक बैंक से मिलकर एक मुस्लिम युवक राव नदीम ने कॉलोनी में एक मकान खरीद लिया है। वह आवामे हिंद पार्टी का नेता बताया गया है। मकान में इस मुस्लिम संगठन का दफ्तर खोले जाने के बाद देवबन्द व अन्य स्थानों से मुसलमानों के वहां आने जाने और सामूहिक नमाज पढे जाने की सूचना पर इसका विरोध शुरू हुआ। हिंदू संगठनों का आरोप है कि उस मकान में कथित तौर पर नमाज पढ़ी जा रही थी। उन्होंने इसे लेकर हंगामा किया। पुलिस के साथ हिंदू संगठन के लोग जब वहां पहुंचे तो वहां कई संगठनों के कार्यालय चलते नजर आए और घर के अंदर बहुत सारे कमरे बनाए जा रहे थे। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस भवन में मदरसा चलाए जाने की योजना है और यहां बाकायदा नमाज भी पढ़ी जाती है, इसको लेकर हिंदू संगठनों ने हंगामा कर दिया है। वहां लगे आवामे हिंद पार्टी के बैनर भीड़ ने फाड दिए और चेतावनी दी कि अगर दो दिन में मकान खाली नहीं होता है तो वहां कब्जा कर इसे धर्मशाला बना दिया जाएगा। मकान पूर्व विधायक के पुराने दफ्तर के पास स्थित है।


