मुजफ्फरनगर । कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भारी वाहनों की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन लागू कर दिया गया गया है। शहर में मीनाक्षी चौक और अहिल्याबाई चौक के आगे बड़े वाहन बंद करने के साथ गलियों की बैरिकेडिंग की तैयारी है।
कांवड़ यात्रा रूट पर भारी वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर रविवार रात 12 बजे से इसे लागू कर दिया गया है। मेरठ, शामली और बागपत में नई व्यवस्था सोमवार से प्रभावी होगी। बिजनौर में हरिद्वार की तरफ भारी वाहन नहीं जाएंगे। सिर्फ बस और कांवड़ियों के वाहन ही हरिद्वार में दाखिल हो सकेंगे। मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया है। रोडवेज बसों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। गाजियाबाद में रविवार रात 12 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो गया। हापुड़ में एनएच-9 पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो गया है, जबकि 26 जुलाई के बाद हाईवे और शहर के रूट वनवे कर दिए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने यातायात के लिए डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। सुबह 8 बजे से एक्सप्रेसवे और एनएच-58 पर भारी वाहन नहीं चलेंगे। यह व्यवस्था दो अगस्त तक लागू रहेगी। वहीं, हाईवे पर बैरिकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है।


